Google Chrome गोपनीयता सूचना
संग्रह दिनांक: 21 जून 2016
इस बारे में जानें कि आपके द्वारा अपने कंप्यूटर या मोबाइल डिवाइस पर Google Chrome ब्राउज़र, Chrome OS और सुरक्षित ब्राउज़िंग का उपयोग करने पर एकत्रित, संग्रहीत और साझा की जाने वाली जानकारी किस तरह नियंत्रित की जाए. यद्यपि यह नीति उन सुविधाओं का वर्णन करती है जो Chrome के लिए विशिष्ट हैं, फिर भी Google को प्रदान की जाने वाली या आपके Google खाते में संग्रहीत होने वाली किसी भी व्यक्तिगत जानकारी का उपयोग और उसकी सुरक्षा Google गोपनीयता नीति के अनुसार की जाएगी.
गोपनीयता सूचना के बारे में विवरण
इस गोपनीयता सूचना में, हम "Chrome" शब्द का उपयोग ऊपर सूचीबद्ध Chrome परिवार के सभी उत्पादों के लिए करते हैं. यदि उत्पादों के बीच हमारी नीति में कोई भी अंतर आता है, तो हमे उसे निकाल देते हैं.
Chrome के "बीटा," "डेव," या "कैनरी" वर्शन आपको Chrome में अभी भी बन रही नई सुविधाओं का परीक्षण करने देते हैं. यह गोपनीयता सूचना Chrome के सभी वर्शन पर लागू होती है, लेकिन हो सकता है कि वह अभी भी बन रही सुविधाओं के लिए अप टू डेट ना हो.
अपनी गोपनीयता प्राथमिकताएं प्रबंधित करने की चरण-दर-चरण मार्गदर्शिका के लिए, Chrome के गोपनीयता नियंत्रणों का यह अवलोकन पढ़ें.
सामग्री तालिका:
- ब्राउज़र मोड
- Chrome में उपयोगकर्ताओं को प्रबंधित करना
- सुरक्षित ब्राउज़िंग नीतियां
- ऐप्लिकेशन, एक्सटेंशन, थीम, सेवाओं और अन्य ऐड-ऑन के उपयोग की नीति
- सर्वर लॉग गोपनीयता जानकारी
- अधिक जानकारी
ब्राउज़र मोड
Chrome का उपयोग करने के लिए आपको कोई भी व्यक्तिगत जानकारी प्रदान करने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन Chrome में ऐसे विभिन्न मोड हैं जिनका उपयोग आप अपने ब्राउज़िंग अनुभव को बदलने या बेहतर बनाने के लिए कर सकते हैं. गोपनीयता अभ्यास आपके द्वारा उपयोग किए जा रहे मोड के आधार पर अलग-अलग होते हैं.
मूलभूत ब्राउज़र मोड
मूलभूत ब्राउज़र मोड जानकारी को आपके सिस्टम पर स्थानीय रूप से संग्रहीत करता है. इस जानकारी में ये चीज़ें शामिल हो सकती हैं:
-
ब्राउज़िंग इतिहास की जानकारी. उदाहरण के लिए, Chrome आपके द्वारा विज़िट किए जाने वाले पृष्ठों के URL, उन पृष्ठों के लेख, चित्रों और अन्य संसाधनों का संचय और यदि नेटवर्क कार्रवाई पूर्वानुमान सुविधा चालू की गई हो, तो उन पृष्ठों से लिंक किए गए कुछ IP पतों की सूची संग्रहीत करता है.
-
व्यक्तिगत जानकारी और पासवर्ड, ताकि आपको उन साइट में फ़ॉर्म भरने या प्रवेश करने में सहायता मिले जिन पर आपने पहले विज़िट किया है.
-
आपके द्वारा वेबसाइट को दी गई अनुमतियों की सूची.
-
आपके द्वारा विज़िट किए जाने वाले गैर-सुरक्षित पृष्ठों की खोजने-योग्य अनुक्रमणिका. सुरक्षित (HTTPS) पृष्ठ, जैसे कि बैंक की वेबसाइटें, शामिल नहीं हैं.
-
आपके द्वारा अक्सर विज़िट किए जाने वाले पृष्ठों के थंबनेल के आकार वाले स्क्रीनशॉट.
-
आपके द्वारा विज़िट की जाने वाली वेबसाइट की कुकी या डेटा.
-
ऐड-ऑन द्वारा सहेजा गया डेटा.
-
आपके द्वारा वेबसाइट से डाउनलोड की गई सामग्री का रिकॉर्ड.
आप इस जानकारी को कई तरीकों से प्रबंधित कर सकते हैं:
-
आप अपने ब्राउज़िंग इतिहास की जानकारी हटा सकते हैं.
-
आप chrome://settings/clearBrowserData पर कुकी और साइट डेटा संवाद पर जाकर अपनी कुकी और साइट डेटा साफ़ कर सकते हैं.
-
आप Chrome को Google या अन्य साइटों से कुकी स्वीकार करने से रोक सकते हैं. अधिक जानें.
-
आप Chrome सेटिंग में संग्रहीत पासवर्ड की समीक्षा कर सकते हैं. अधिक जानें.
-
आप अपनी संग्रहीत स्वत:-भरण जानकारी देख सकते हैं और उसे प्रबंधित कर सकते हैं. अधिक जानें.
Chrome द्वारा संग्रहीत की जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी Google को तब तक नहीं भेजी जाएगी जब तक कि आप Chrome में प्रवेश करके उस डेटा को अपने Google खाते में संंग्रहीत करना नहीं चुनते. प्रवेश करने से Chrome की समन्वयन सुविधा सक्षम हो जाती है.
Chrome आपकी जानकारी किस तरह प्रबंधित करता है
वेबसाइट संचालकों के लिए जानकारी. आप Chrome के उपयोग से जिन साइटों पर विज़िट करते हैं, उन्हें आपके सिस्टम के IP पते और कुकी या मिलती-जुलती तकनीकों के डेटा सहित, मानक लॉग जानकारी अपने आप प्राप्त होगी. सामान्यतया, इस तथ्य से आप Gmail जैसी Google सेवाएं एक्सेस करने के लिए Chrome का उपयोग करते हैं, Google को आपके बारे में व्यक्तिगत रूप से पहचान करने वाली कोई भी अतिरिक्त जानकारी प्राप्त नहीं होती. Google की वेबसाइटों और ऑप्ट-इन करने वाली अन्य वेबसाइटों पर, यदि Chrome को ऐसे संकेत मिलते हैं कि नेटवर्क पर मौजूद किसी व्यक्ति द्वारा आप पर सक्रिय रूप से हमला ("मैन इन द मिडल अटैक") किया जा रहा है, तो Chrome, हमले की सीमा और हमले की कार्यप्रणाली निर्धारित करने के लिए Google को या आपके द्वारा विज़िट की गई वेबसाइट को कनेक्शन से संबंधित जानकारी भेज सकता है. Google, प्रतिभागी वेबसाइट के स्वामियों को उनकी साइट पर हो रहे हमलों के बारे में रिपोर्ट उपलब्ध कराता है.
प्रीरेंडरिंग. वेब पृष्ठों को अधिक तेज़ी से लोड करने के लिए, Chrome में ऐसी सेटिंग है जो किसी वेब पृष्ठ पर मौजूद लिंक के IP पतों को देख सकती है और नेटवर्क कनेक्शन खोल सकती है. साइटें और Android ऐप्लिकेशन, ब्राउज़र से उन पृष्ठों को पहले से लोड करने के लिए भी कह सकते हैं जिन पर आप आगे विज़िट कर सकते हैं. Android ऐप्लिकेशन की ओर से पहले से लोड करने के अनुरोधों को उसी सेटिंग द्वारा नियंत्रित किया जाता है जो Chrome द्वारा शुरू किए गए पूर्वानुमानों को नियंत्रित करती है. लेकिन साइट की ओर से पहले से लोड करने के अनुरोधों को हमेशा निष्पादित किया जाता है, चाहे Chrome की नेटवर्क पूर्वानुमान सेवा सक्षम हो या नहीं. यदि प्रीरेंडर करने का अनुरोध किया गया हो, चाहे Chrome द्वारा या साइट अथवा ऐप्लिकेशन द्वारा, तो पहले से लोड की गई साइट को अपनी स्वयं की कुकी उसी तरह सेट करने और पढ़ने की अनुमति होती है जैसे कि आपने उसे पहले देखा हो (भले ही आप पहले से रेंडर किए गए पृष्ठ पर ना पहुंचें). अधिक जानें.
स्थान. भौगोलिक रूप से अधिक प्रासंगिक जानकारी प्राप्त करने के लिए, Chrome आपको किसी साइट के साथ अपना स्थान साझा करने का विकल्प देता है. Chrome किसी साइट को आपकी अनुमति के बिना आपका स्थान एक्सेस करने की अनुमति नहीं देगा; हालांकि, मोबाइल डिवाइस पर, जैसे ही आप ऐप्लिकेशन को अपना स्थान एक्सेस करने की अनुमति देते हैं, वैसे ही Chrome अपने आप उस स्थान को आपके डिफ़ॉल्ट खोज इंजन के साथ साझा कर लेता है. Chrome, आपके स्थान का अनुमान लगाने के लिए Google स्थान सेवाओं का उपयोग करता है. Chrome द्वारा Google स्थान सेवाओं को भेजी जाने वाली जानकारी में ये चीज़ें शामिल हो सकती हैं:
- आपके सबसे पास स्थित वाई-फ़ाई राउटर
- आपके सबसे पास स्थित सेल टॉवर के सेल आईडी
- आपके वाई-फ़ाई या सेल सिग्नल की सशक्तता
- आपके डिवाइस को वर्तमान में असाइन किया गया IP पता
Google का तृतीय पक्ष वेबसाइट या उनके गोपनीयता अभ्यासों पर नियंत्रण नहीं होता, इसलिए किसी वेबसाइट के साथ अपना स्थान साझा करते समय सावधानी बरतें.
अपडेट. Chrome समय-समय पर अपडेट की जांच करने, कनेक्टिविटी स्थिति प्राप्त करने, वर्तमान समय सत्यापित करने और सक्रिय उपयोगकर्ताओं की संख्या का अनुमान लगाने के लिए Google को जानकारी भेजता रहता है.
खोज सुविधाएं. जब आप Chrome में पता बार का उपयोग करके खोज करते हैं, तो आपके द्वारा लिखे जाने वाले वर्ण (भले ही आपने अभी तक “enter” नहीं दबाया हो) आपके डिफ़ॉल्ट खोज इंजन को भेज दिए जाते हैं. इससे आपका खोज इंजन, आपके द्वारा खोजे जाने वाले शब्दों या URL का अपने आप सुझाव देकर आपके खोजने और ब्राउज़ करने के अनुभव को बेहतर बना पाता है. अधिक जानें. यदि Google आपका डिफ़ॉल्ट खोज इंजन है, तो आपके द्वारा खोजना प्रारंभ करने या आपके द्वारा नेटवर्क बदलने पर Chrome, Google से संपर्क करता है, ताकि आपको खोज क्वेरी भेजने के लिए सबसे अच्छा स्थानीय वेब पता मिल सके. यदि आपने किसी Google साइट में या Chrome में प्रवेश किया हुआ है और Google आपका डिफ़ॉल्ट खोज इंजन है, तो आपके द्वारा Chrome के पता बार का उपयोग करके की जाने वाली खोजें आपके Google खाते में संग्रहीत की जाती हैं.
सुझाव सेवा. सुझाव, सभी संबंधित वेब खोज, आपके ब्राउज़िंग इतिहास और लोकप्रिय वेबसाइट पर आधारित होते हैं. यदि आपका डिफ़ॉल्ट खोज इंजन कोई सुझाव सेवा प्रदान करता है, तो ब्राउज़र, आपके द्वारा पता बार में लिखे जाने वाले लेख को खोज इंजन को भेज देता है. पता बार पूर्वानुमान सेवा के बारे में अधिक जानें.
मार्गदर्शक सहायक. जब आप किसी वेब पृष्ठ से कनेक्ट नहीं कर पाते हैं, तो आप उस पृष्ठ से मिलते-जुलते वैकल्पिक पृष्ठों के सुझाव प्राप्त कर सकते हैं जिस पर आप पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं. आपको सुझाव उपलब्ध कराने के लिए, Chrome, Google को उसे पृष्ठ का URL भेजता है जिस पर आप पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं.
स्वत:-भरण और पासवर्ड प्रबंधन. Chrome आपको मिलने वाले वेब फ़ॉर्म के बारे में Google को सीमित और अनाम जानकारी भेजता है, जिसमें वेब पृष्ठ का हैश किया गया URL और फ़ॉर्म की संरचना का विवरण शामिल होता है, ताकि हम अपनी स्वत:-भरण और पासवर्ड प्रबंधन सेवाओं को बेहतर बना सकें. Chrome द्वारा प्रबंधित कुछ वेब फ़ॉर्म आपको Google पेमेंट्स के कार्ड के साथ स्वत:-भरण का विकल्प ऑफ़र करते हैं. यदि आप Google पेमेंट्स से किसी कार्ड का उपयोग करते हैं या भविष्य के उपयोग हेतु अपने Google पेमेंट्स में अपना क्रेडिट कार्ड सहेजना चुनते हैं, तो Chrome आपके कंप्यूटर के बारे में जानकारी एकत्रित करेगा और आपको कपट से बचाने के लिए उसे Google पेमेंट्स के साथ साझा करेगा.
उपयोग के आंकड़े और क्रैश रिपोर्ट. हमारे उत्पादों को बेहतर बनाने में सहायता के लिए आप Google को उपयोग के आंकड़े और क्रैश रिपोर्ट भेज सकते हैं. हमारे पूर्व में रिलीज़ हुए वर्शन पर मौजूद उपयोगकर्ताओं के लिए, उपयोग के आंकड़े और क्रैश रिपोर्ट डिफ़ॉल्ट रूप से सक्षम होते हैं. उपयोग के आंकड़ों में प्राथमिकताओं, बटन क्लिक और मेमोरी उपयोग जैसी जानकारी होती है. उपयोग के आंकड़ों में वेब पृष्ठ के URL या व्यक्तिगत जानकारी तब तक शामिल नहीं होती, जब तक कि आप किसी ऐसे स्थान पर नहीं पहुंच जाते हैं जो फ़िशिंग या मैलवेयर वेब पृष्ठ लग रहा हो. क्रैश रिपोर्ट में क्रैश के समय की सिस्टम जानकारी होती है और क्रैश रिपोर्ट ट्रिगर होते समय जो हो रहा था, उसके आधार पर वेब पृष्ठ के URL या व्यक्तिगत जानकारी हो सकती है. हम क्रैश रिपोर्ट से एकीकृत, गैर-व्यक्तिगत जानकारी को तृतीय पक्षों से साझा कर सकते हैं. अधिक जानें.
सामग्री लाइसेंस देना. Windows के लिए Chrome ब्राउज़र या Chrome OS का उपयोग करके निश्चित सामग्री एक्सेस किए जाने की अनुमति देने के लिए, Chrome सामग्री प्रदाताओं और Adobe Flash एक्सेस का उपयोग करने वाली वेबसाइट को एक अद्वितीय पहचानकर्ता प्रदान करता है. पहचानकर्ता को आपके सिस्टम पर संग्रहीत किया जाता है. आप इसे Chrome सेटिंग में अक्षम कर सकते हैं या ऑपरेटिंग सिस्टम को पुन: इंस्टॉल करके अद्वितीय पहचानकर्ता का मान रीसेट कर सकते हैं. यदि आप Chrome OS पर HD सामग्री एक्सेस करते हैं, तो सामग्री प्रदाता Chrome को डिवाइस की पात्रता सत्यापित करने हेतु एक प्रमाणपत्र देने के लिए कह सकता है. आपके डिवाइस का सत्यापन करने के लिए, आपका Chromebook वेबसाइट के साथ अपनी हार्डवेयर विशेषताओं से संबंधित डेटा साझा करेगा और यह सत्यापित करने के लिए सत्यापित एक्सेस का उपयोग करेगा कि उसकी क्रिप्टोग्राफ़िक कुंजियां Chrome हार्डवेयर द्वारा सुरक्षित हैं. Chrome आपको इस सत्यापन जांच की अनुमति देने या मना करने का संकेत देगा. अधिक जानें.
अन्य Google सेवाएं. यह नोटिस उन Google सेवाओं का वर्णन करता है जो Chrome में डिफ़ॉल्ट रूप से सक्षम होती हैं. इसी के साथ, Chrome अन्य Google वेब सेवाएं ऑफ़र कर सकता है. उदाहरण के लिए, यदि आपको किसी भिन्न भाषा का पृष्ठ मिलता है, तो Chrome वह लेख Google को अनुवाद के लिए भेजना ऑफ़र कर सकता है. इन सेवाओं का पहली बार उपयोग करने पर इन्हें नियंत्रित करने के लिए आपको आपके विकल्पों के बारे में सूचित किया जाएगा. आपको Chrome गोपनीयता श्वेतपत्र में अधिक जानकारी मिल सकती है.
Chrome में पहचानकर्ता
Chrome में सुविधाओं को सशक्त बनाने के लिए आवश्यक कई पहचानकर्ता शामिल हैं. उदाहरण के लिए, यदि आप पुश संदेश सेवा का उपयोग करते हैं, तो आपको सूचनाएं वितरित करने के लिए एक पहचानकर्ता बनाया जाता है. जहां संभव हो, हम गैर-अद्वितीय पहचानकर्ताओं का उपयोग करते हैं और जब पहचानकर्ताओं की आवश्यकता नहीं होती तो उन्हें निकाल दिया जाता है. इसी के साथ, निम्न पहचानकर्ता Chrome को विकसित करने, वितरित करने और उसका प्रचार करने में हमारी सहायता करते हैं, लेकिन वे सीधे किसी Chrome सुविधा से संबंधित नहीं होते.
-
इंस्टॉलेशन ट्रैकिंग. Chrome ब्राउज़र के डेस्कटॉप वर्शन की प्रत्येक कॉपी में यादृच्छिक रूप से जेनरेट की गई अस्थायी इंस्टॉलेशन संख्या होती है जिसे Google को तब भेजा जाता है जब आप Chrome को पहली बार इंस्टॉल करते हैं और उसका उपयोग करते हैं. यह अस्थायी पहचानकर्ता इंस्टॉल किए गए ब्राउज़र की संख्या का अनुमान लगाने में हमारी सहायता करता है और जब Chrome पहली बार अपडेट होगा, तो उसे हटा दिया जाएगा. Chrome का मोबाइल वर्शन, Chrome के कई इंस्टॉलेशन ट्रैक करने और अपडेट प्रबंधित करने के लिए सतत रूप से डिवाइस पहचानकर्ता के एक संस्करण का उपयोग करता है.
-
प्रचार ट्रैकिंग. प्रचार अभियानों की सफलता ट्रैक करने में हमारी सहायता के लिए, Chrome आपके द्वारा ब्राउज़र को पहली बार चलाने और उपयोग किए जाने पर Google को भेजा जाने वाला एक अद्वितीय टोकन जेनरेट करता है और यदि आपको प्रचार अभियान के रूप में Chrome ब्राउज़र की एक प्रति प्राप्त हुई है या आपने उसे पुन: सक्रिय किया है तो वह एक गैर-अद्वितीय टैग भी जेनरेट करता है. Chrome OS समय-समय पर (आरंभिक सेटअप के दौरान सहित) Google को एक गैर-अद्वितीय प्रचार टैग भी भेज सकता है और तब भी जब Google से खोज की जा रही हो. अधिक जानें.
-
फ़ील्ड परीक्षण. कभी-कभी हम नई सुविधाओं के सीमित परीक्षण करते हैं. Chrome में एक सीड नंबर होता है जिसे पहली बार चलाने पर यादृच्छिक रूप से चुना जाता है ताकि प्रयोग समूहों को ब्राउज़र असाइन किए जा सकें. प्रयोगों को, देश (आपके IP पते द्वारा निर्धारित), ऑपरेटिंग सिस्टम, Chrome वर्शन और अन्य पैरामीटर के द्वारा भी सीमित किया जा सकता है. Chrome के आपके इंस्टॉलेशन पर वर्तमान में सक्रिय फ़ील्ड परीक्षणों की एक सूची Google को भेजे जाने वाले सभी अनुरोधों में शामिल की जाती है. अधिक जानें.
प्रवेश किया हुआ Chrome मोड
जब आप अपने Google खाते से, Chrome ब्राउज़र में या किसी Chromebook में प्रवेश करते हैं, तो आपका व्यक्तिगत ब्राउज़िंग डेटा Google के सर्वर पर सहेजा जाता है और उसे आपके खाते से समन्वयित किया जाता है. इस प्रकार की जानकारी में ये शामिल हो सकते हैं:
- ब्राउज़िंग इतिहास
- बुकमार्क
- टैब
- पासवर्ड और स्वत:-भरण जानकारी
- अन्य ब्राउज़िंग सेटिंग, जैसे कि इंस्टॉल किए गए एक्सटेंशन
जब भी आप अन्य कंप्यूटर और डिवाइस पर Chrome में प्रवेश करते हैं, तो ये सेटिंग अपने आप लोड हो जाती हैं. आपके द्वारा समन्वयित की जाने वाली विशिष्ट जानकारी कस्टमाइज़ करने के लिए, “सेटिंग” मेनू का उपयोग करें. अधिक जानें. आप Chrome समन्वयन डैशबोर्ड पर अपने Google खाते के लिए संग्रहीत Chrome डेटा की मात्रा देख सकते हैं और उसे प्रबंधित कर सकते हैं. डैशबोर्ड पर, आप समन्वयन को पूरी तरह अक्षम भी कर सकते हैं और सभी संबद्ध डेटा को Google के सर्वर से हटा सकते हैं. अधिक जानें.
Chrome आपकी प्रवेश की हुई जानकारी किस तरह प्रबंधित करता है
जब आप Chrome को अपने Google खाते से समन्वयित करते हैं, तो हम आपके ब्राउज़िंग डेटा का उपयोग Chrome के भीतर आपके अनुभव को बेहतर बनाने और उसे वैयक्तिकृत करने के लिए करते हैं. आप Chrome इतिहास को अपने Google वेब और ऐप्लिकेशन इतिहास में शामिल किए जाने की अनुमति देकर, अन्य Google उत्पादों पर भी अपने अनुभव को वैयक्तिकृत कर सकते हैं. अधिक जानें.
आप जब भी चाहें, इस सेटिंग को अपने खाता इतिहास पृष्ठ पर बदल सकते हैं या अपना निजी डेटा प्रबंधित कर सकते हैं. यदि आप Chrome से बाहर, अपने Google अनुभव को वैयक्तिकृत करने के लिए अपने Chrome डेटा का उपयोग नहीं करते हैं, तो Google आपके Chrome डेटा का उपयोग तभी करेगा जब उसे अन्य उपयोगकर्ताओं के डेटा के साथ अनामीकृत और एकीकृत कर दिया जाएगा. Google इस डेटा का उपयोग नई सुुविधाएं, उत्पाद और सेवाएं विकसित करने और मौजूदा उत्पादों तथा सेवाओं की सकल गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए करता है. यदि आप अपना Chrome डेटा संग्रहीत करने और समन्वयित करने के लिए Google के क्लाउड का उपयोग करना चाहते हैं लेकिन नहीं चाहते कि Google डेटा एक्सेस करे, तो आप अपने सभी समन्वयित डेटा को अपने स्वयं के समन्वयन पासफ़्रेज़ से एन्क्रिप्ट कर सकते हैं. अधिक जानें.
गुप्त मोड और अतिथि मोड
आप गुप्त मोड या अतिथि मोड का उपयोग करके Chrome द्वारा आपके सिस्टम पर संग्रहीत की जाने वाली जानकारी सीमित कर सकते हैं. इन मोड में, Chrome कुछ जानकारी संग्रहीत नहीं करेगा, जैसे कि:
- आपके द्वारा विज़िट की जाने वाली वेबसाइट से लिंक किए गए पृष्ठों के URL, संचित पृष्ठ लेख या IP पतों जैसी मूलभूत ब्राउज़िंग जानकारी
- आपके द्वारा विज़िट किए जाने वाले पृष्ठों के स्नैपशॉट
- आपके डाउनलोड के रिकॉर्ड, हालांकि आपके द्वारा डाउनलोड की जाने वाली फ़ाइलें अभी भी आपके कंप्यूटर या डिवाइस पर कहीं और संग्रहीत की जाएंगी
Chrome आपकी गुप्त या अतिथि जानकारी किस तरह प्रबंधित करता है
कुकी. Chrome मौजूदा कुकी को आपके द्वारा गुप्त या अतिथि मोड में विज़िट की जाने वाली साइट से साझा नहीं करता है. जब आप इन मोड में होंगे तो साइटें आपके सिस्टम पर नई कुकी संग्रहीत कर सकती हैं, लेकिन उन्हें तभी तक संग्रहीत और प्रसारित किया जाएगा जब तक कि आप अतिथि या गुप्त मोड को बंद नहीं कर देते.
ब्राउज़र कॉन्फ़िगरेशन में बदलाव. जब आप अपने ब्राउज़र के कॉन्फ़िगरेशन में किसी वेब पृष्ठ को बुकमार्क करने या अपनी सेटिंग में बदलाव करने जैसे बदलाव करते हैं, तब यह जानकारी सहेजी जाती है. ये बदलाव गुप्त या अतिथि मोड द्वारा प्रभावित नहीं होते.
अनुमतियां. आपके द्वारा गुप्त मोड में दी जाने वाली अनुमतियां आपकी मौजूदा प्रोफ़ाइल में नहीं सहेजी जातीं.
प्रोफ़ाइल जानकारी. गुप्त मोड में, आपको अभी भी अपनी मौजूदा प्रोफ़ाइल की जानकारी की एक्सेस होगी, जैसे कि आपके द्वारा ब्राउज़ करते समय, आपके ब्राउज़िंग इतिहास और सहेजे गए पासवर्ड पर आधारित सुझाव. अतिथि मोड में, आप किसी भी मौजूदा प्रोफ़ाइल की जानकारी देखे बिना ब्राउज़ कर सकते हैं.
Chrome में उपयोगकर्ताओं को प्रबंधित करना
व्यक्तिगत Chrome उपयोग के लिए उपयोगकर्ताओं को प्रबंधित करना
आप एक डिवाइस या कंप्यूटर साझा करने वाले उपयोगकर्ताओं के लिए Chrome के वैयक्तिकृत वर्शन सेट कर सकते हैं. ध्यान दें कि जिस किसी व्यक्ति के पास आपके डिवाइस का एक्सेस होगा वह सभी प्रोफ़ाइल की सभी जानकारी देख सकता है. अपने डेटा को अन्य लोगों द्वारा देखे जाने से वास्तव में सुरक्षित करने के लिए, अपने ऑपरेटिंग सिस्टम के अंतर्निहित उपयोगकर्ता खातों का उपयोग करें. अधिक जानें.
आप अपने Google खाते के द्वारा Chrome में एक पर्यवेक्षित उपयोगकर्ता भी बना सकते हैं. यदि आप ऐसा करते हैं, तो Google पर्यवेक्षित उपयोगकर्ता के बारे में जानकारी, जैसे कि इतिहास और अन्य सेटिंग आपके Google खाते से समन्वयित और संग्रहीत करेगा. आप यह जानकारी chrome.com/manage पर देख सकते हैं.
Enterprise के लिए Chrome पर उपयोगकर्ताओं को प्रबंधित करना
कुछ Chrome ब्राउज़र या Chromebook किसी विद्यालय या कंपनी द्वारा प्रबंधित किए जाते हैं. उस स्थिति में, व्यवस्थापक के पास ब्राउज़र या Chromebook पर नीतियों को लागू करने की क्षमता होती है. किसी उपयोगकर्ता द्वारा Chrome में पहली बार प्रवेश करने या प्रवेश किए बिना (अतिथि मोड को छोड़कर) ब्राउज़ करना प्रारंभ करने पर, Chrome इन नीतियों के लिए Google से संपर्क करता है. Chrome नीतियों के अपडेट के लिए समय-समय पर जांच करता है.
व्यवस्थापक Chrome OS डिवाइस की स्थान जानकारी सहित, Chrome के लिए स्थिति और गतिविधि की रिपोर्ट करने की नीति सेट कर सकता है. आपके व्यवस्थापकों के पास आपके प्रबंधित डिवाइस से एक्सेस किए जाने वाले डेटा को एक्सेस करने, उसकी निगरानी करने, उसका उपयोग करने या उसे प्रकट करने की क्षमता भी हो सकती है.
सुरक्षित ब्राउज़िंग अभ्यास
Google Chrome और कुछ तृतीय-पक्ष ब्राउज़र, जैसे कि Mozilla Firefox के कुछ वर्शन तथा Apple के Safari में, Google की सुरक्षित ब्राउज़िंग सुविधा शामिल है. सुरक्षित ब्राउज़िंग के साथ, संदिग्ध वेबसाइट की जानकारी आपके द्वारा उपयोग किए जा रहे ब्राउज़र और Google के सर्वर के बीच भेजी और प्राप्त की जाती है.
सुरक्षित ब्राउज़िंग सुविधा कैसे कार्य करती है
आपका ब्राउज़र नवीनतम "सुरक्षित ब्राउज़िंग" सूची, जिसमें ज्ञात फ़िशिंग और मैलवेयर साइटें शामिल होती हैं, डाउनलोड करने के लिए समय-समय पर Google के सर्वर से संपर्क करता है. सूची की नवीनतम कॉपी स्थानीय रूप से आपके सिस्टम पर संग्रहीत की जाती है. Google इस अनुबंध के भाग के रूप में कोई भी खाता जानकारी या व्यक्तिगत रूप से पहचान करने वाली अन्य जानकारी एकत्रित नहीं करता. हालांकि, उसे IP पते और कुकी सहित, मानक लॉग जानकारी अवश्य प्राप्त होती है.
आपके द्वारा विज़िट की जाने वाली प्रत्येक साइट की जांच आपके सिस्टम की सुरक्षित ब्राउज़िंग सूची के लिए की जाएगी. यदि कोई मिलान होता है, तो आपका ब्राउज़र Google को साइट के URL की हैश की गई, आंशिक कॉपी भेजता है ताकि Google आपके ब्राउज़र को अधिक जानकारी भेज सके. Google इस जानकारी से वास्तविक URL का पता नहीं लगा सकता. अधिक जानें.
निम्न सुरक्षित ब्राउज़िंग सुविधाएं विशिष्ट रूप से Chrome के लिए हैं:
-
Chrome के कुछ वर्शन में सुरक्षित ब्राउज़िंग तकनीक शामिल है जो संभावित रूप से हानिकारक साइट और संभावित रूप से खतरनाक फ़ाइल प्रकारों की पहचान करती है जिनके बारे में Google को पहले से पता नहीं होता. साइट या संभावित रूप से खतरनाक फ़ाइल का पूर्ण URL भी Google को यह निर्धारित करने के लिए भेजा जा सकता है कि कहीं साइट या फ़ाइल हानिकारक तो नहीं है.
-
Chrome समय-समय पर आपके कंप्यूटर को स्कैन करने के लिए सुरक्षित ब्राउज़िंग तकनीक का उपयोग करता है ताकि ऐसे अवांछित सॉफ़्टवेयर का पता लगाया जा सके जो आपको अपनी सेटिंग बदलने से रोकते हैं या आपके ब्राउज़र की सुरक्षा और स्थिरता में अन्यथा हस्तक्षेप करते हैं. अधिक जानें. यदि इस प्रकार के सॉफ़्टवेयर का पता चलता है, तो Chrome उसे निकालने के लिए आपको Chrome क्लीनअप यंत्र डाउनलोड करने का विकल्प ऑफ़र कर सकता है.
-
जब आप किसी ऐसी साइट में पहुंचते हैं जिसमें मैलवेयर होना प्रतीत होता है, तो आप सुरक्षित ब्राउज़िंग को बेहतर बनाने में सहायता के लिए अतिरिक्त डेटा भेजना चुन सकते हैं. यह डेटा तब भेजा जाता है जब आप एक सुरक्षित ब्राउज़िंग चेतावनी पृष्ठ बंद कर देते हैं या उससे दूर निकल जाते हैं. रिपोर्ट में विविध प्रकार का डेटा, जैसे कि आपको मिली संभावित रूप से खतरनाक फ़ाइल, वेबसाइट का URL और सामग्रियां और उस पृष्ठ का URL शामिल होता है जिसने आपको उस साइट पर भेजा था.
-
यदि Chrome में उपयोग के आंकड़े सक्षम हैं और आप किसी ऐसी साइट पर विज़िट करते हैं जो हमारे विचार में संभावित रूप से हानिकारक हो सकती है, तो कुछ अतिरिक्त डेटा जैसे कि आपके द्वारा विज़िट किया गया पूर्ण URL, उस पृष्ठ पर भेजा गया “रेफ़रलकर्ता” शीर्षलेख और वह URL जिसका मिलान सुरक्षित ब्राउज़िंग साइट से हुआ है, Google के साथ साझा किया जाएगा.
-
आप कभी भी Chrome में सुरक्षित ब्राउज़िंग सुविधा को अक्षम करना चुन सकते हैं.
ऐप्लिकेशन, एक्सटेंशन, थीम, सेवाओं और अन्य ऐड-ऑन के गोपनीयता अभ्यास
आप Chrome के साथ ऐप्लिकेशन, एक्सटेंशन, थीम, सेवाओं और अन्य ऐड-ऑन का उपयोग कर सकते हैं, जिनमें कुछ पहले से इंस्टॉल किए हुए या Chrome में एकीकृत किए हुए हो सकते हैं. Google द्वारा विकसित और प्रदत्त ऐड-ऑन Google सर्वर से संचार कर सकते हैं और अन्यथा जब तक संकेत न दिया जाए, तब तक वे Google गोपनीयता नीति के अधीन होते हैं. दूसरों द्वारा विकसित और प्रदत्त ऐड-ऑन का उत्तरदायित्व, ऐड-ऑन निर्माताओं पर होता है और उनकी अलग-अलग गोपनीयता नीतियां हो सकती हैं.
ऐड-ऑन प्रबंधित करना
ऐड-ऑन इंस्टॉल करने से पहले, आपको अनुरोधित अनुमतियों की समीक्षा करनी चाहिए. ऐड-ऑन को विभिन्न चीज़ें करने की अनुमति हो सकती है, जैसे कि:
- स्थानीय रूप से या आपके Google डिस्क खाते में संग्रहीत डेटा को संग्रहीत करना, एक्सेस करना और उसे साझा करना
- आपके द्वारा विज़िट की जाने वाली वेबसाइट की सामग्री देखना और एक्सेस करना
- Google के सर्वर के माध्यम से भेजे जाने वाले नोटिफ़िकेशन का उपयोग करना
Chrome अलग-अलग तरीकों से ऐड-ऑन से सहभागिता कर सकता है:
- अपडेट जांच रहा है
- अपडेट डाउनलोड करना और इंस्टॉल करना
- Google को ऐड-ऑन के बारे में उपयोग के संकेतक भेजना
कुछ ऐड-ऑन को डिजिटल अधिकार प्रबंधन के लिए या पुश संदेश सेवा की डिलीवरी के लिए किसी अद्वितीय पहचानकर्ता की आवश्यकता हो सकती है. आप Chrome से ऐड-ऑन निकालकर पहचानकर्ताओं के उपयोग को अक्षम कर सकते हैं.
समय-समय पर, Google को ऐसे ऐड-ऑन का पता चल सकता है जो सुरक्षा संबंधी खतरा लगता हो, Chrome वेब स्टोर की डेवलपर शर्तों का उल्लंघन करता हो या अन्य कानूनी अनुबंधों, कानूनों, नियामकों या नीतियों का उल्लंघन करता हो. Chrome समय-समय इन खतरनाक ऐड-ऑन की सूची डाउनलोड करता है, ताकि उन्हें आपके सिस्टम से दूरस्थ रूप से अक्षम किया जा सके या निकाला जा सके.
अधिक जानकारी
आपके द्वारा Chrome का उपयोग करने पर Google को प्राप्त होने वाली जानकारी का उपयोग और उसकी सुरक्षा Google गोपनीयता नीति के अंतर्गत की जाती है. अन्य वेबसाइट संचालकों और ऐड-ऑन डेवलपर को प्राप्त होने वाली जानकारी, जिसमें कुकी शामिल है, उन वेबसाइट की गोपनीयता नीतियों के अधीन है.
Google, यूएस डिपार्टमेंट ऑफ़ कॉमर्स द्वारा निर्धारित यूएस-ईयू सेफ़ हार्बर फ़्रेमवर्क और यूएस-स्विस सेफ़ हार्बर फ़्रेमवर्क का अनुपालन करता है. अधिक जानें.
परिभाषाएं
कुकी एक ऐसी छोटी फ़ाइल है, जिसमें वर्णों की एक श्रृंखला होती है, जिसे आपके द्वारा किसी वेबसाइट पर विज़िट करने पर आपके कंप्यूटर पर भेजा जाता है. जब आप फिर से वेबसाइट पर जाते हैं, तो कुकी उस साइट को आपके ब्राउज़र की पहचान करने देती है. कुकी आपकी उपयोगकर्ता प्राथमिकताएं और अन्य जानकारी को संग्रहीत कर सकती है. आप सभी कुकी अस्वीकार करने के लिए या कुकी भेजे जाते समय उसका संकेत देने के लिए अपने ब्राउज़र को रीसेट कर सकते हैं. हालांकि, हो सकता है कि कुछ वेबसाइट सुविधाएं या सेवाएं कुकी के बिना सही तरीके से काम न करें. Android मोबाइल डिवाइस पर उपलब्ध विज्ञापन आईडी जैसे अन्य प्लेटफ़ॉर्म जहां पर कुकी उपलब्ध नहीं होती या लागू नहीं होती, वहां समान उद्देश्यों के लिए कुकी के रूप में अन्य तकनीकों का उपयोग किया जाता है. जब आप हमारे पार्टनर की साइट या ऐप्लिकेशन का उपयोग करते हैं, तब Google द्वारा कुकी का उपयोग करने और Google द्वारा डेटा का उपयोग करने के तरीकों के बारे में अधिक जानें.
Google खाता
आप Google खाते के लिए साइन अप करके और हमें कुछ व्यक्तिगत जानकारी (आमतौर पर आपका नाम, ईमेल पता और पासवर्ड) प्रदान करके हमारी कुछ सेवाएं एक्सेस कर सकते हैं. आपके द्वारा Google की सेवाओं का उपयोग करने और आपके खाते को दूसरों द्वारा अनधिकृत रूप से एक्सेस करने से बचाने के लिए, इस खाता जानकारी का उपयोग आपको प्रमाणीकृत करने के लिए किया जाएगा. आप किसी भी समय अपनी Google खाता सेटिंग के माध्यम से अपना खाता संपादित या निलंबित कर सकते हैं.
सर्वर लॉग
अधिकांश वेबसाइट की तरह, हमारे सर्वर भी आपके द्वारा हमारी साइटें विज़िट करने पर किए जाने वाले पृष्ठ अनुरोधों को अपने आप रिकॉर्ड करते हैं. इन “सर्वर लॉग” में आमतौर पर आपका वेब अनुरोध, इंटरनेट प्रोटोकॉल पता, ब्राउज़र प्रकार, ब्राउज़र की भाषा, आपके अनुरोध का दिनांक और समय तथा आपके ब्राउज़र की अद्वितीय रूप से पहचान करने वाली एक या अधिक कुकी शामिल होती हैं.
यहां एक आम लॉग प्रविष्टि का उदाहरण दिया गया है जहां “cars” की खोज की जा रही है, उसके बाद उसके कलपुर्ज़ों का विश्लेषण खोजा जा रहा है:
123.45.67.89 - 25/Mar/2003 10:15:32 -
https://www.google.com/search?q=cars -
Firefox 1.0.7; Windows NT 5.1 - 740674ce2123e969
-
123.45.67.89उपयोगकर्ता के ISP द्वारा उपयोगकर्ता को असाइन किया गया इंटरनेट प्रोटोकॉल पता है; उपयोगकर्ता की सेवा पर निर्भर करते हुए, जब भी उपयोगकर्ता इंटरनेट से कनेक्ट करेगा तो उसके सेवा प्रदाता द्वारा उसे एक अलग पता असाइन किया जा सकता है; -
25/Mar/2003 10:15:32क्वेरी का दिनांक और समय है; -
https://www.google.com/search?q=carsअनुरोधित URL है, जिसमें खोज क्वेरी भी शामिल है; -
Firefox 1.0.7; Windows NT 5.1उपयोग किया जा रहा ब्राउज़र और ऑपरेटिंग सिस्टम है; और -
740674ce2123a969इस कंप्यूटर द्वारा पहली बार Google पर विज़िट करने पर इसे असाइन किया गया कुकी आईडी है. (उपयोगकर्ताओं द्वारा कुकी हटाई जा सकती हैं. यदि उपयोगकर्ता ने पिछली बार Google पर विज़िट करने के बाद से कंप्यूटर से कुकी हटा दी है, तो फिर वह उपयोगकर्ता द्वारा उस विशिष्ट कंप्यूटर से अगली बार Google पर विज़िट करने पर उसे असाइन किया जाने वाला अद्वितीय कुकी आईडी होगा).